छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना से संवरी जिंदगी

मुंगेली, 05 फरवरी 2026/sns/-युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम खैरवार निवासी श्री आलोक घृतलहरे की जिंदगी प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से संवर गई है। उन्होंने योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बने और अपने जीवन को नई दिशा दी।
आलोक घृतलहरे ने बताया कि वे एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। रोजगार की तलाश और भविष्य को बेहतर बनाने की चाह ने उन्हें कौशल प्रशिक्षण की ओर प्रेरित किया। उन्हें प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत सेक्टर हेल्थकेयर में प्रशिक्षण की जानकारी उन्हें अखबार एवं पाम्पलेट के माध्यम से मिली, जिसके पश्चात उन्होंने जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज, जमकोर, मुंगेली में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स एवं कंप्यूटर संचालन की भी व्यवहारिक जानकारी दी गई, जिससे उनका आत्मविश्वास के साथ कार्यकुशलता बढ़ी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात उनकी योग्यता को पहचानते हुए जिला अस्पताल मुंगेली में उन्हें कंप्यूटर ऑपरेटर कम टेक्नीशियन के पद पर नियुक्ति मिली।
आज श्री आलोक न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अपनी नियमित आय से परिवार के भरण-पोषण में अपने पिता का सहयोग भी कर रहे हैं। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए आलोक ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज जमकोर मुंगेली, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन मुंगेली के सहयोग और मार्गदर्शन से ही सम्भव हुआ। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *