छत्तीसगढ़

वंदे मातरम” के 150 वर्षः जिले में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विशेष सप्ताह का हुआ भव्य आयोजन

रायगढ़, 31 मार्च 2026/sns/- संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 23 से 30 मार्च 2026 तक वंदे मातरम विशेष सप्ताह का व्यापक एवं गरिमामय आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले इस अभियान में स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए “वंदे मातरम” की ऐतिहासिक विरासत और राष्ट्रीय महत्व को जन-जन तक पहुंचाया गया।
 जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने वंदे मातरम विशेष सप्ताह के आयोजन की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि इस राष्ट्रीय अभियान का सशक्त एवं स्थायी दस्तावेज तैयार किया जा सके। इस दौरान “वंदे मातरम” पर आधारित प्रेरक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो एवं डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
 संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल ने बताया कि 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष सप्ताह में जिले के शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रमों के माध्यम से शहीद दिवस के बलिदानी आदर्शों को स्मरण करते हुए “वंदे मातरम” के ऐतिहासिक महत्व को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। पूरे सप्ताह के दौरान जिलेभर में विविध जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन प्रमुख आकर्षण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *