मुंगेली, 23 मार्च 2026/sns/- जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम चन्द्रखुरी में “जल संचयन जनभागीदारी” के तहत ‘जल जोहार’ थीम पर जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में संभागायुक्त श्री सुनील जैन एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सोखता गड्ढा, रिचार्ज पिट एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं में प्रतीकात्मक रूप से पानी डालकर जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न मॉडलों के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
संभागायुक्त श्री जैन ने कहा कि पानी प्रकृति का सबसे अनमोल उपहार है, लेकिन इसे अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने कहा कि जल स्रोत सीमित हैं, इसलिए इसका उपयोग सोच-समझकर करना आवश्यक है। उन्होंने सोखता गड्ढा, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, शॉक पिट निर्माण एवं अधिक से अधिक पौधरोपण को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को गर्मी के मौसम में धान के स्थान पर अन्य फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ‘वॉटर हीरो’ नीरज वानखेड़े ने जल संरक्षण के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। उन्होंने कहा कि पानी बनाया नहीं जा सकता, केवल बचाया जा सकता है। उन्होंने खेल एवं प्रयोगों के माध्यम से ग्रामीणों और महिलाओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि “जल ही जीवन है। जल के महत्व को समझते हुए जल का संरक्षण करें। उन्होंने मनरेगा के माध्यम से निर्मित हो रही जल संरचनाओं के महत्व को समझने और उनके संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने आमजनों से जल बचाने के प्रति सजग और सतर्क रहने की अपील की। जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंबालिका साहू ने कहा कि जल संरक्षण को हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रह सके। उन्होंने मनरेगा के तहत निर्मित जल संरचनाओं के बेहतर उपयोग की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को सोखता गड्ढा निर्माण, घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाने एवं जल संचयन इकाइयों के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पानी बचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा आभार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

