छत्तीसगढ़

उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत महापरीक्षा आयोजित

मुंगेली, 23 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम अन्तर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत कुल 13 हजार 623 असाक्षरों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 07 हजार 948 शिक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 05 हजार 902 महिलाएं और 02 हजार 46 पुरुष शामिल हैं। यह आंकड़ा जिले में साक्षरता के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। यह परीक्षा जिले के 277 परीक्षा केन्द्रों में संपन्न हुई। इस बार एक विशेष पहल के तहत जिला उप जेल करही देवरी में भी 15 विचाराधीन बंदियों को साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ा गया, जिनमें से 13 बंदियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.पी. डाहिरे, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री अशोक सोनी तथा जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता मिशन श्री रविन्द्र तिवारी सहित निरीक्षण दल द्वारा परीक्षा केन्द्रों के साथ-साथ स्कूल भवन, शौचालय एवं साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। प्राथमिक शाला फंदवानी एवं बाघामुड़ा में स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उल्लास कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को भी साक्षरता अभियान से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने आसपास के 10 असाक्षरों को साक्षर करने पर बोर्ड परीक्षा में 10 बोनस अंक देने का प्रावधान है। इस वर्ष जिले से कक्षा 10वीं के 43 एवं 12वीं के 56, कुल 99 विद्यार्थियों के लिए बोनस अंक हेतु प्रस्ताव बोर्ड को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *