मोहला, 23 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की संयुक्त बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए क्षेत्राच्छादन की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने विकासखंडवार जानकारी देते हुए बताया कि मक्का एवं कुल्थी फसल में बेहतर प्रगति हुई है। कलेक्टर ने आगामी वर्ष हेतु प्रदर्शन लक्ष्य में वृद्धि करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारी ने बताया कि अमाटोला एवं गोटाटोला में दलहन उपार्जन केन्द्र की स्थापना की गई है। यहां समर्थन मूल्य पर दलहन की खरीदी की जाएगी। कलेक्टर ने ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन एवं सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बीज एवं उर्वरक भंडारण की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पर्याप्त भंडारण किया गया है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भंडारण के साथ-साथ किसानों को अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा के दौरान उन्होंने ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग एवं सेल्फ रजिस्ट्रेशन की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही संदिग्ध खातों के सत्यापन हेतु किसान चौपाल के माध्यम से अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय खाद्यान्न सुरक्षा मिशन एवं मिशन समृद्धि योजना की भी विस्तृत समीक्षा की। सौर सुजला योजना अंतर्गत पंप प्रतिस्थापन की प्रगति पर कलेक्टर ने गत वर्ष भेजे गए आवेदनों के फॉलोअप की जानकारी लेने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिल सके। परंपरागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत क्लस्टर चयन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे जैविक खेती को बढ़ावा मिल सके।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पशु उपचार, औषधि वितरण एवं टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संचार सुविधा वाले ग्रामों की सूची तैयार कर लक्षित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि टीकाकरण लक्ष्य समय पर पूर्ण हो सके। इस दौरान एंटी रैबीज टीकाकरण, निःशुल्क सांड वितरण, नर बकरा वितरण, शुक्ररत्रयी योजना, बैकयार्ड कुक्कुट पालन एवं उन्नत मादा वत्स पालन योजनाओं की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले में पशुपालन की संभावनाओं को देखते हुए कृत्रिम गर्भाधान में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राज्य पोषित योजनाओं की प्रगति, उद्यानिकी विस्तार, मसाला क्षेत्र विस्तार एवं कृषक प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने फसल परिवर्तन के तहत सब्जी, फूल एवं मसाला क्षेत्र में विस्तार करने के निर्देश दिए। साथ ही नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत मत्स्य बीज संवर्धन, निजी भूमि में तालाब निर्माण, मोटरसाइकिल सह आइस बॉक्स, लाइव फिश वेंडिंग एवं केज स्थापना की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले के बड़े हाट-बाजारों में ताजा मछली विक्रय हेतु रिटेल आउटलेट स्थापित करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी विभागों को कार्य कैलेंडर तैयार कर अधिकारियों को लक्ष्य आवंटित करने तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

