अम्बिकापुर, 26 सितम्बर 2025/sns/- वित्तीय समावेशन योजनाओं के संतृप्ति हेतु चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अम्बिकापुर ब्लॉक के मल्गावाखुर्द ग्राम पंचायत में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ना, शेष बचे खातों का पुनः केवाईसी कराना तथा सरकार प्रायोजित योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा।
क्षेत्रीय निदेशक ने किया दौरा
भारतीय रिज़र्व बैंक, रायपुर की क्षेत्रीय निदेशक श्रीमती रीनी अजित ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंक अधिकारियों, व्यापार प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बकाया खातों का पुनः केवाईसी कराना बेहद जरूरी है ताकि ग्रामीण बिना किसी व्यवधान के बैंकिंग सेवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रमुख श्री रामकृष्ण नायक, क्षेत्रीय प्रमुख श्री रणधीर सिंह तथा जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को वित्तीय सुरक्षा, पेंशन लाभ, बीमा कवरेज और विभिन्न सरकारी योजनाओं तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना है।
जनजागरूकता पर विशेष जोर
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय रिज़र्व बैंक की एकीकृत लोकपाल योजना 2021 और दावा न की गई जमाराशियों के बारे में जानकारी दी गई। डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों को विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही म्यूल खातों की समस्या और उससे बचाव पर भी चर्चा की गई।
मल्गावाखुर्द ग्राम पंचायत के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लिया। आम जनता द्वारा उठाए गए प्रश्नों का अधिकारियों द्वारा विधिवत समाधान किया गया। सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण बैंक, एसबीआई समेत अन्य बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे और उन्होंने ग्रामीणों की पुनः केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग किया।
अग्रणी जिला प्रबंधक से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस शिविर में कुल 204 खातों का पुनः केवाईसी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि शेष खातों का समय पर सत्यापन किया जा सके और सभी ग्रामीणों को बिना रुकावट बैंकिंग सेवाएं मिलती रहें।

