छत्तीसगढ़

शौचालय विहीन हितग्राही ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत में कर सकेंगे आवेदन

मोहला, 20 मार्च 2026/sns/-जिले में स्वच्छता को बढ़ावा देने और प्रत्येक पात्र परिवार को शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ऐसे परिवारों की पहचान की जा रही है, जिन्हें अब तक व्यक्तिगत शौचालय योजना का लाभ नहीं मिला है।जिला प्रशासन द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में सचिव, रोजगार सहायकों, कोटवारों के माध्यम से मुनादी के माध्यम से एवं डोर-टू-डोर सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे के जरिए शौचालय विहीन हितग्राहियों की सूची तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें योजना से जोड़ा जा सके। चिन्हित हितग्राहियों को सूचित किया जा रहा है कि वे ग्राम पंचायत या जनपद पंचायत कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। आवेदन प्राप्त होने के बाद पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ही शौचालय निर्माण का लाभ प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र परिवार शौचालय सुविधा से वंचित न रहे और क्षेत्र को पूर्णतः स्वच्छ बनाया जा सके। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *