राजनांदगांव, 19 मार्च 2026/- मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजनांदगांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में ग्राम घुमका एवं ठेलकाडीह आयोजित षिविर का पाॅवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड राजनांदगांव क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने अवलोकन किया। इस दौरान बड़ी संख्या उपस्थित बिजली उपभोक्ताओं को श्री शिरीष सेलट ने योजना के लाभ और पात्रता की विस्तृत जानकारी साझा की। शिविर के दौरान बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे) श्रेणी के निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं का योजना के तहत पंजीयन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को उनके बकाया बिजली बिल का भुगतान करने पर मूल बकाया राशि और अधिभार (सरचार्ज) में भारी छूट प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और किसानों को बड़ी राहत मिल रही है।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक श्री सेलट ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों के कारण बीपीएल, निम्नदाब घरेलू और अशासकीय कृषि श्रेणी के कई उपभोक्ता 31 मार्च 2023 तक अपने बिलों का भुगतान नहीं कर पाए थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने ऐसे उपभोक्ताओं का बोझ कम करने के लिए इस रियायती योजना की शुरुआत की है। इस अवसर पर ईई श्री नुरेन्द्र कुमार साहू, कनिष्ठ अभियंता श्री आशीष कच्छवाहा, श्री पूरन लाल कंवर शामिल थे।
योजना के तहत मिलने वाली छूट का विवरणः-
1. निष्क्रिय उपभोक्ताओं के लिए (31 मार्च 2023 के पूर्व)ः-
ऽ बीपीएल श्रेणी मूल राशि पर 75 प्रतिशत की छूट और अधिभार (सरचार्ज) पर 100 प्रतिशत की छूट।
ऽ घरेलू श्रेणी मूल राशि पर 50 प्रतिशत की छूट और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
ऽ कृषि श्रेणी (स्थायी/अस्थायी)ः मूल राशि पर 50 प्रतिशत की छूट और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
2. सक्रिय उपभोक्ताओं के लिए (31 मार्च 2023 के पूर्व)ः-
ऽ बीपीएल श्रेणी (5 वर्ष से अधिक बकाया)ः मूल राशि पर 75 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
ऽ बीपीएल श्रेणी (1 से 5 वर्ष तक बकाया)ः मूल राशि पर 50 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
3. सक्रिय अशासकीय घरेलू एवं कृषि श्रेणी (किश्तों की सुविधा)ः-
ऽ एकमुश्त भुगतान मूल राशि पर 10 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
ऽ तीन किस्तों में भुगतान मूल राशि पर 5 प्रतिशत और अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट।
ऽ छह किश्तों में भुगतान मूल राशि पर शून्य प्रतिशत लेकिन अधिभार पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने बकाया बिलों का भुगतान कर छूट प्राप्त करें।
राजनांदगांव जिला – वितरण केंद्र अर्जुनी, सिंघोला, राजनांदगांव ग्रामीण, तुमड़ीबोड़, बोरी, ठेलकाडीह, सोमनी, ढ़ारा, मुरमुंदा, मुसराकला, डोंगरगढ़ शहर व ग्रामीण, सड़क चिरचारी, लाल बहादुर नगर, छुरिया बम्हनी चारभांठा, गैंदाटोला, कुमरदा, खुज्जी, डोंगरगांव ग्रामीण एवं शहर में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वितरण केन्द्र के अंतर्गत 19 मार्च 2026 से 16 अप्रैल 2026 तक प्रमुख पांच ग्रामों में समाधान शिविर आयोजित हो रहे है।


