अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर 2025/sns/- लोक आस्था और परंपरा के छठ पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु कलेक्टर श्री विलास भोसकर द्वारा अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। जारी आदेश के अनुसार दिनांक 26 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2025 तक जिलेभर में छठ पर्व शांतिपूर्वक मनाया जा सके, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी और नियंत्रण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेशानुसार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री फागेश सिन्हा को अम्बिकापुर क्षेत्र की संपूर्ण निगरानी का दायित्व दिया गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर श्री डी.एस. उईके को सीतापुर क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। श्री बन सिंह नेताम को उदयपुर क्षेत्र तथा श्री जे.आर. सतरंज, धौरपुर (लुण्ड्रा) क्षेत्र की देखरेख करेंगे।
इसके साथ ही तहसीलदार श्री उमेश्वर सिंह बाज को शंकर घाट अम्बिकापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नायब तहसीलदार श्री जयेश कंवर को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सभी पूजा स्थलों की व्यवस्था देखने का दायित्व दिया गया है।
नायब तहसीलदार श्री लकेश्वर प्रसाद को थाना गांधीनगर क्षेत्र की निगरानी सौंपी गई है, जबकि सहायक आयुक्त भू-अभिलेख श्री प्रांजल गोयल को मणिपुर थाना क्षेत्र में छठ पूजा स्थलों की समुचित व्यवस्था का जिम्मा सौंपा गया है।
इसी प्रकार तहसीलदार श्री अमन चतुर्वेदी तथा नायब तहसीलदार श्री अजय कुमार गुप्ता को दरिमा क्षेत्र में पूजा स्थलों की सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था देखने हेतु नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और समुचित प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि छठ पर्व आस्था एवं लोक परंपरा का प्रतीक है, जिसे सभी नागरिक सौहार्द्र और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।

