महासमुंद, 17 मार्च 2026/sns/- जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत आठवें दिन जिले के विकासखंड पिथौरा के ग्राम गोड़बहाल में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं जल बहनियों को एफटीके किट के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता की जांच करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित लोगों को पानी की शुद्धता की जांच करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जल के संचालन एवं संधारण के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए जल शपथ भी ली। इस अवसर पर जिन स्थानों पर पाइपलाइन में लीकेज की समस्या थी, वहां मरम्मत कराकर उसका डेमो भी प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से ग्रामीणों को जल प्रबंधन एवं रखरखाव की जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में पानी की बर्बादी को रोका जा सके। कार्यक्रम में ग्रामीण जन एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।


