छत्तीसगढ़

ग्राम मनकी में हर घर जल योजना से ग्रामीणों की जिंदगी में आई बदलाव

महासमुंद, 17 मार्च 2026/sns/- जिले के विकासखंड सरायपाली अंतर्गत ग्राम मनकी में जल जीवन मिशन – हर घर जल योजना के माध्यम से गांव के लोगों को अब घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। जिससे ग्रामीणों के जीवन में अधिक बदलाव आई है।
पूर्व में ग्राम मनकी के ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार पानी की कमी या हैंडपंप खराब होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को दूर-दूर तक पानी लाने में समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे।
गांव में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगभग 63.33 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण कराया गया तथा करीब 2468 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इसके माध्यम से वर्तमान में ग्राम के 131 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। गांव में पहले से उपलब्ध 8 हैंडपंप भी हैं, लेकिन अब नल के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति होने के कारण पावर पंप की आवश्यकता नहीं रह गई है।
ग्राम पंचायत के सरपंच श्री मोहित रौतिया के नेतृत्व में इस योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया गया। प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से गांव में जल आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया गया। ग्राम मनकी ने आधिकारिक रूप से हर घर जल की उपलब्धि भी प्राप्त कर ली है। इसके साथ ही गांव के प्रत्येक घर में नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही है।
ग्राम की निवासी सूतरा बाई बताती हैं कि पहले उन्हें पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगता था। अब घर में ही नल कनेक्शन होने से उन्हें आसानी से स्वच्छ पानी मिल जाता है। इससे उनका समय बचता है और दैनिक जीवन भी काफी सरल हो गया है। इस तरह जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम मनकी में पेयजल की समस्या का समाधान होने के साथ ही ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार आया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *