छत्तीसगढ़

जिले में किशोरियों हेतु एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत, सर्वाइकल कैंसर से होगा बचाव

बलौदाबाजार,16 मार्च 2026/sns/- भारत सरकार द्वारा देश में एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किया गया है। इसी कड़ी में अब जिले में भी टीका लगाना शुरू किया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि एचपीवी अर्थात ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से बचाव हेतु यह टीकाकरण अभी उन किशोरावस्था की बालिकाओं को लगाया जा रहा है जिन्होंने अपना 14 वां जन्मदिन तो मनाया हो पर 15 वां पूरा न किया गया हो । आयु के प्रमाण हेतु आधार अथवा फ़ोटो आईडी मान्य की जाएगी । यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है तो अभिभावकों द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जा सकेगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ के. के.टेम्भूरने के अनुसार इसका उद्देश्य किशोरावस्था की बालिकाओं को एचपी वायरस से बचाव करना है जो बाद में सर्वाइकल कैंसर का कारण बनता है । महिलाओं में यह कैंसर प्रमुख रूप से दिखाई पड़ता है। निजी अस्पतालों में भी यह टीका लगाया जाता रहा है जहाँ पैसे खर्च होते किंतु शासन ने इसे निःशुल्क रखा है जिससे लोग लाभ ले सकें।

अपनी बच्ची वैशाली को जिला अस्पताल में टीका लगवाने आए शिक्षक अरुण वर्मा ने बताया कि समाचार और विभिन्न सोशल मीडिया माध्यम से उन्हें इस टीकाकरण की जानकारी मिली । पहले वह निजी अस्पताल जाने वाले थे पर अब यहाँ निःशुल्क टीका लग रहा है तो जिला अस्पताल आ कर टीका लगवाएं हैं।

प्रत्येक टीकाकरण सत्र स्थल पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष तथा निगरानी कक्ष की समुचित व्यवस्था की की गई है। टीकाकरण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। इसका प्रमाण पत्र भी दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *