छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षाः उड़नदस्ता टीम का आकस्मिक निरीक्षण, लखनपुर केन्द्र में नकल के 2 प्रकरण दर्ज

अम्बिकापुर, 16 मार्च 2026/sns/-  छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल, रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकण्डरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षादृ2026 के अंतर्गत सोमवार को हिन्दी विषय की परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। जिले के निर्धारित 10 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी, अम्बिकापुर द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ता दल ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उड़नदस्ता टीम ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लहपटरा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतौली तथा शासकीय नगर पालिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र क्रमांक 1224, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर में अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए 02 परीक्षार्थी पकड़े गए। इन परीक्षार्थियों (अनुक्रमांक 21224260130 एवं 21224260005) के विरुद्ध नियमानुसार नकल प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित पाई गई। हिन्दी विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 1769 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1668 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 101 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा आगामी परीक्षाओं को भी निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *