अम्बिकापुर, 13 सितम्बर 2025/sns/- महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं, विशेष कर वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष “वीरांगना“ रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार“ प्रदान किया जाता है। इसी प्रकार विशेष रूप से अनुसूचित जाति/जनजाति/पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य की महिला/अशासकीय संस्था को प्रतिवर्ष ‘‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)‘‘ प्रदान किया जाता है। वहीं महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष नारी उत्थान हेतु अभूतपूर्व कार्य करने वाली राज्य की महिला को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से प्रतिवर्ष ‘‘बहादुर कालारिन‘‘ सम्मान प्रदान किया जाता है। इसके तहत प्रत्येक पुरस्कार हेतु 2-2 लाख रुपये की राशि तथा प्रशस्ति पट्टिका सम्मान के रूप में प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 हेतु इच्छुक महिला 26 सितम्बर 2025 तक कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंबिकापुर जिला-सरगुजा को आवेदन कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में कार्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

