कवर्धा, 16 मार्च 2026/sns/-समावेशी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा दिव्यांग बच्चों को शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय तीन दिवसीय उन्मुखीकरण सह कार्यशाला का आयोजन 12 मार्च से 14 मार्च 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा श्री विनोद श्रीवास्तव एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी तथा समावेशी शिक्षा प्रभारी श्री राकेश चंद्रवंशी के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों, अभिभावकों तथा दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को दिव्यांगजनों से संबंधित अधिकार, उपलब्ध शासकीय सुविधाएं, सहायक उपकरण, छात्रवृत्ति, पेंशन तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के मास्टर ट्रेनरों द्वारा विभिन्न सत्रों के माध्यम से उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया। इनमें श्री नरेश कुमार सोनी, श्रीमती रेशमा मेश्राम, श्री विनोद पुरी गोस्वामी, श्रीमती होम बाई साहू, श्री गायत्री प्रसाद साहू, श्री राजनारायण साय एवं श्री देवकुमार साहू शामिल रहे। कार्यशाला के सफल आयोजन में बीआरसी कवर्धा के श्री एल. साहू तथा कवर्धा विकासखंड के सहायक शिक्षा अधिकारी श्री अजय चंद्रवंशी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने तीनों दिवस सक्रिय सहभागिता करते हुए समावेशी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं दिव्यांग बच्चों के अधिकारों तथा उनके लिए संचालित योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं।


