छत्तीसगढ़

अपर कलेक्टर ने ली राइस मिलर्स की बैठक, धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश

मुंगेली, 07 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव ने कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में धान खरीदी के बाद उपार्जन केंद्रों में रखे धान के शीघ्र उठाव एवं मिलिंग प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्री यादव ने सभी राइस मिलर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में रखे धान का शत-प्रतिशत उठाव निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि धान के उठाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि किसानों से खरीदे गए धान का समय पर परिवहन एवं मिलिंग कार्य पूरा हो, ताकि भंडारण में किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
अपर कलेक्टर ने कहा कि धान के उठाव और परिवहन के दौरान सभी आवश्यक नियमों एवं गुणवत्ता मानकों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि धान का सुरक्षित भंडारण, समय पर परिवहन और मिलिंग की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। इसके साथ ही मिलर्स को धान उठाव की दैनिक प्रगति की जानकारी संबंधित विभागों को नियमित रूप से उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने धान उपार्जन केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध धान की मात्रा तथा उसके उठाव की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। उन्होने कहा कि जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव लगातार जारी है और इसे और तेज करने के लिए राइस मिलर्स के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है। अपर कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे धान उठाव की प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में राइस मिलर्स से सुझाव भी लिए गए तथा धान उठाव की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान उठाव और मिलिंग कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी पंकज शेतपाल, जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) एवं सीसीबी नोडल अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *