छत्तीसगढ़

08 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस: ग्राम पंचायत छतौना में होगा वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन

मुंगेली, 07 मार्च 2026/sns/- कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 08 मार्च को विकासखंड मंुंगेली के अंतर्गत ग्राम पंचायत छतौना (जरहागांव) में वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं, स्व-सहायता समूह की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा विभिन्न महिला समूहों की प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़ेगे। मुख्यमंत्री द्वारा महतारी वंदन योजना की चयनित हितग्राही महिलाओं से संवाद भी किया जाएगा, जिसमें वे महिलाओं के अनुभव सुनेंगे और शासन की योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में जिले से विधायक एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल होेगे।
सम्मेलन में महिलाओं को महतारी वंदन योजना, पोषण अभियान, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, स्व-सहायता समूह गतिविधियों, बाल संरक्षण योजनाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अन्य महिलाएं भी उनसे प्रेरणा लेकर समाज में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए विभिन्न विभागों द्वारा सूचना स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां उन्हें योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीयन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *