कवर्धा, 12 मार्च 2026/sns/-जिला प्रशासन कबीरधाम द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्ती के साथ निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में निरीक्षण कर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान चार प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर सिलेंडर जब्त कर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मार्च को निरीक्षण के दौरान गोस्वामी रेस्टोरेंट से 2, कबीरधाम टी स्टॉल से 1, दंतेश्वरी होटल से 1 तथा शिवा होटल से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया है। वहीं 12 मार्च को निरीक्षण के दौरान होटल तिरुपति रेस्टोरेंट एवं ढाबा से 2 सिलेंडर, एससीजी ढाबा एंड रेस्टोरेंट 1, इस्माइल कैफे से 3, इको होटल फूड से 1, गुड्डू होटल से 1, जेठालाल चाय से 1 और जय बजरंग होटल से 1 घरेलू सिलेंडर जप्त किया गया है। टीम ने इस दौरान होटल रॉयल सेलिब्रेशन, नारायणी, छप्पन भोग, डीएफसी कैफे और श्रीधर जोधपुरी रेस्टोरेंट में भी जांच की गई। किंतु यहां घरेलू सिलेंडर का उपयोग नहीं पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले एलपीजी सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है, जिस पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
भारत सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन कबीरधाम द्वारा लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है, ताकि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू उपभोक्ताओं तक ही सीमित रहे और आम नागरिकों को गैस की उपलब्धता में किसी प्रकार की समस्या न हो।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि वर्तमान में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए होटल और रेस्टोरेंट के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो और उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि वे घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में न करें। यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन कबीरधाम द्वारा यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की सुचारु आपूर्ति बनी रहे।

