छत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना से संवर रहा आरती पैकरा का परिवार गुमगराकलां की ’सशक्त’ पहचान बनीं गृहणी


अम्बिकापुर, 12 मार्च 2026/sns/- प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण देने वाली ’महतारी वंदन योजना’ ग्रामीण अंचल में महिलाओं के जीवन में खुशहाली और स्वावलंबन का नया आधार बन रही है। ग्राम पंचायत गुमगराकलां की रहने वाली श्रीमती आरती पैकरा इस योजना का लाभ पाकर न केवल अपने घर-गृहस्थी को बेहतर ढंग से चला रही हैं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को भी संवार रही हैं।

आर्थिक संबल से सुधरी घर की स्थिति
आरती पैकरा बताती हैं कि उनके पति श्री राम नरेश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। खेती पर निर्भरता और सीमित आय के कारण बच्चों की पढ़ाई और घर के छोटे-मोटे खर्चों के लिए हमेशा सोचना पड़ता था। ऐसे में ’महतारी वंदन योजना’ के तहत मिलने वाली राशि उनके लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई। इस आर्थिक सहायता से अब वे बिना किसी कठिनाई के घर के जरूरी सामान और बच्चों की शिक्षा पर खर्च कर पा रही हैं।

बच्चों की शिक्षा के प्रति बढ़ा उत्साह
आरती के तीन बच्चे हैं, जिनकी बेहतर परवरिश अब उनके जीवन का मुख्य लक्ष्य है। वे कहती हैं, “योजना की राशि मिलने से मुझे मानसिक शांति मिली है। अब मैं अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला पा रही हूँ और उनकी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए मुझे किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता।“ उनकी आर्थिक स्थिति में आ रहे इस सकारात्मक सुधार ने पूरे परिवार में उत्साह का संचार किया है।

शासन की योजना के लिए जताया आभार
आरती पैकरा ने अपनी इस खुशहाली का श्रेय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को देते हुए कहा कि, “प्रदेश सरकार की यह योजना हम जैसी साधारण महिलाओं के लिए बहुत बड़ा सहारा है। इसके लिए मैं शासन का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करतीं हूँ। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से लागू की गई यह योजना आरती पैकरा जैसी हजारों महिलाओं के जीवन में आज सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *