बीजापुर, 10 फरवरी 2026/sns/-बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने तथा आमजन को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एनडीआरएफ टीम द्वारा बीजापुर के महादेव तालाब में बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव दलों द्वारा की जाने वाली सभी गतिविधियों का जीवंत, व्यावहारिक और प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने, उन्हें प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर स्थिति में घायलों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रदान करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही सामान्य एवं गहन चिकित्सा सहायता को त्वरित और सुगम रूप से उपलब्ध कराने की कार्यप्रणाली को भी दर्शाया गया।
अभ्यास में विभिन्न प्रकार के रेस्क्यू ऑपरेशन, जैसे पानी में खोज एवं बचाव, सुरक्षित निकासी तथा घायलों को चिकित्सकीय सुविधा तक पहुंचाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। विशेष रूप से उस स्थिति को भी प्रदर्शित किया गया जब बचाव दल तत्काल उपलब्ध न हों तब स्थानीय संसाधनों की मदद से किस प्रकार स्वयं की एवं दूसरों की जान बचाई जा सकती है।
एनडीआरएफ टीम द्वारा पानी की बोतलें, प्लास्टिक डिब्बे, नारियल एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं से तैरने योग्य बचाव सामग्री तैयार कर दिखाया गया जिससे आम नागरिकों को आपातकाल में आत्मनिर्भर बनने का संदेश मिला। यह मॉक ड्रिल न केवल आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही, बल्कि आमजन में बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान सजगता, धैर्य एवं सही तकनीक अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सफल रही।
उक्त आयोजन एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री पवन जोशी के नेतृत्व में तथा नोडल अधिकारी श्री मुकेश देवांगन एवं जिला सेनानी श्री पी.बी सिदार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उप संचालक पंचायत श्री हिमांशु साहू, सीएमओ नगरपालिका बीजापुर श्री बंशीलाल नुरेटी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

