छत्तीसगढ़

संभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों हेतु लेखा प्रशिक्षण का अवसर


जगदलपुर, 20 जनवरी 2026/sns/- राज्य शासन के विभिन्न विभागों में कार्यरत बस्तर संभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला बस्तर संभाग जगदलपुर के प्राचार्य द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह प्रशिक्षण सत्र 01 मार्च 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक संचालित होगा। इस सत्र के लिए संभाग के सभी सात जिलों के कर्मचारियों हेतु कुल 50 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक पात्र कर्मचारी अपना आवेदन पत्र कार्यालय प्रमुख की अनुशंसा के साथ 31 जनवरी 2026 की शाम 5.30 बजे तक जमा कर सकते हैं। आवेदन केवल विशेष वाहक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।उक्त प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए केवल वे ही लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन के पात्र होंगे जिनका नियमित सेवाकाल तीन वर्ष पूर्ण हो चुका है और उनकी परिवीक्षा अवधि समाप्त हो गई है। इसके अतिरिक्त आवेदक का पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य है ताकि वे चार माह का प्रशिक्षण बिना किसी बाधा के नियमित रूप से पूरा कर सकें। पूर्व के सत्रों में प्रवेश से वंचित कर्मचारियों के पुराने आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे, इसलिए उन्हें नवीन सत्र के लिए पुनः नया आवेदन प्रस्तुत करना होगा।आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए कर्मचारियों को आवेदन पत्र के साथ अपनी सेवा पुस्तिका के प्रथम पृष्ठ, वेतन वृद्धि और नियमितीकरण के पेजों की प्रमाणित छायाप्रति, दिसंबर 2025 की ऑनलाइन वेतन पर्ची, जाति प्रमाण पत्र तथा 10 वीं-12 वीं की अंकसूची संलग्न करना अनिवार्य है। इसके साथ ही मुद्रलेखन या कंप्यूटर परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण पत्र भी देना होगा। प्रशिक्षार्थियों का चयन संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन जगदलपुर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा। इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, बस्तर संभाग जिला कार्यालय परिसर, जगदलपुर पिन कोड- 494001 के पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेज सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *