छत्तीसगढ़

सैचुरेशन शिविर के माध्यम से योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच का प्रयास

सुकमा, 07 फरवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले में सैचुरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच मैदानी स्तर तक सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को अधिकतम रूप से लाभान्वित करना है। शिविर के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रक्रियागत समस्याओं का स्थल पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों को समयबद्ध और सुगम सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
    इस सैचुरेशन शिविर में कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग सहित मैदानी स्तर पर कार्यरत सभी संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर आपसी समन्वय के साथ कार्यों का त्वरित निष्पादन कर रहे हैं। शिविर के दौरान नवीन आधार कार्ड निर्माण, बायोमेट्रिक अपडेट, एग्रीस्टैक पोर्टल में प्रविष्टि, नवीन राशन कार्ड, राशन कार्ड में नाम जोड़ना, जन्म प्रमाणपत्र निर्माण एवं सुधार, जाति प्रमाणपत्र, तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के हितग्राहियों के लिए एफआरएस हेतु आधार कार्ड निर्माण एवं अद्यतन जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
यह सैचुरेशन शिविर जिले के तीनों विकासखंडों की दो-दो ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी सतत निगरानी स्वयं कलेक्टर श्री अमित कुमार द्वारा की जा रही है। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को भी शिविरों की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। दिनांक 04 से 06 फरवरी तक छिंदगढ़ विकासखंड के कुकानार एवं पकेला, सुकमा विकासखंड के बड़े सत्ती एवं कोर्रा तथा कोंटा विकासखंड के मिनपा एवं सिलगेर ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *