सुकमा, 07 फरवरी 2026/sns/- जिला प्रशासन ने छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अंतर्गत एक सराहनीय पहल करते हुए गुरूवार को नक्सल पुनर्वास केंद्र सुकमा में विशेष आधार पंजीयन शिविर का आयोजन किया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आत्मसमर्पित माओवादियों एवं उनके परिवारजनों को आधार पहचान उपलब्ध कराकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में ई-डिस्ट्रिक्ट टीम द्वारा युद्धस्तर पर कार्य करते हुए शासकीय दस्तावेज तैयार किए गए।
विशेष कैंप के दौरान कुल 122 हितग्राहियों का नवीन आधार पंजीयन सफलतापूर्वक किया गया, जिनमें से 79 लोगों के आधार कार्ड तत्काल जनरेट कर दिए गए हैं, जबकि शेष की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके साथ ही आधार कार्ड से संबंधित त्रुटि सुधार एवं अन्य आवश्यक शासकीय दस्तावेजों के अद्यतन का कार्य भी त्वरित रूप से किया जा रहा है, जिससे हितग्राहियों को आगे किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी न हो।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. शाहिद ने बताया कि आधार पंजीयन पूर्ण होने के पश्चात ये हितग्राही राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण आधारित योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। जिला प्रशासन का यह प्रयास आत्मसमर्पित व्यक्तियों को सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


