मुंगेली, 05 दिसम्बर 2025/sns/-शासन द्वारा आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के माध्यम से मुफ्त एवं स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत जिले में नागरिकों के घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं। आमजन अपने घरों में मुफ्त बिजली का लाभ लेकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर सकारात्मक कदम बढ़ा रहे हैं। शासन द्वारा सब्सिडी मिलने से योजना का लाभ लेना अधिक आसान हो गया है।
इसी क्रम में जवाहर वार्ड मुंगेली निवासी श्री विकेश शुक्ला ने अपने घर की छत पर 01 किलोवाट का सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाया और अपने बिजली बिल को शून्य करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया। अब वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अब उनका घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहा है। पहले हर महीने बिल की चिंता रहती थी, लेकिन विद्युत खपत जीरो होने से बिजली बिल भी शून्य हो जाएगा। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने पर योजना के तहत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने पर केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है। 01 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र से 30 हजार एवं राज्य से 15 हजार मिलाकर 45 हजार रुपए की सब्सिडी, वहीं 02 किलोवाट पर कुल 90 हजार और 03 से 04 किलोवाट तक की क्षमता पर 01 लाख 08 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही कम ब्याज दर एवं आसान किश्तों में बैंक फायनेंस भी उपलब्ध है। इसके साथ ही ऑफ-ग्रिड सिस्टम में बैटरी के माध्यम से उत्पन्न बिजली का घर में ही उपयोग होता है, जो विशेषकर उन इलाकों के लिए उपयोगी है, जहां ग्रिड की सुविधा नहीं है। वहीं ऑन-ग्रिड सिस्टम में अतिरिक्त बिजली सीधे ग्रिड को भेजी जाती है और उतनी यूनिट उपभोक्ता के बिल से घटा दी जाती है।


