मुंगेली, 05 दिसम्बर 2025/sns/- जेण्डर अभियान नई चेतना 4.0 के तहत जिला पंचायत सभाकक्ष, मुंगेली में जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला पंचायत सभापति, अन्य जिला पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जेंडर समानता को प्रोत्साहित करना एवं महिलाओं-बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण का निर्माण करना था। इस दौरान इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए एक संवेदनशील और समान समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत परिसर में रंगोली, जेंडर आधारित लघु वीडियो क्लिप, जेंडर शपथ तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। मंच से उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और बिहान की दीदियों ने लैंगिक समानता, समान अवसर और महिला सम्मान पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से सीएमएचओ डा. शीला साहा, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजूला शर्मा, पशुधन विभाग से उपसंचालक डॉ. आर.एम.त्रिपाठी, साथ ही कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में बिहान की दीदियाँ और कैडर भी उपस्थित रहीं।

