छत्तीसगढ़

कैरियर मार्गदर्शन कैंप आयोजित, विद्यार्थियों को मिली प्रतियोगी परीक्षाओं व रोजगार अवसरों की विस्तृत जानकारी

सुकमा, 05 दिसम्बर 2025/sns/-जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, सुकमा द्वारा शासकीय नवीन महाविद्यालय, कोंटा में कैरियर मार्गदर्शन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। जिला रोजगार अधिकारी श्री एस. के. भार्वे ने विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, व्यावसायिक परीक्षा मंडल तथा स्थानीय स्तर पर होने वाली भर्ती परीक्षाओं और उनकी योग्यताओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सरकारी सेवाओं के साथ-साथ वर्तमान समय में निजी क्षेत्रों में भी रोजगार की व्यापक संभावनाएँ मौजूद हैं।
उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से उद्यमिता अपनाने को कहा, ताकि वे स्वयं के साथ अन्य बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें। कार्यक्रम में आबकारी विभाग के सब-इंस्पेक्टर श्री अमित कन्नौजिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी. सुरेश बाबू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण चरण होता है। इसलिए विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही अपने लक्ष्य स्पष्ट कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए, जिससे वे समाज में बेहतर स्थान बनाकर अपना योगदान दे सकें।
कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का संचालन प्रो. शशिकांत ध्रुव ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. दुष्यंत कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अतिथि व्याख्याता मुकेश कुमार पटेल, रोहित कुमार जांगड़े, शोभा क्षत्रिय, योगिता मरकाम, कुशलराम, अमित मंडल, चांदनी मरकाम, रोहिणी चौरे सहित सभी संकायों के विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *