छत्तीसगढ़

महिलाओं की आवाज़ होगी बुलंद बीजापुर में जेंडर समानता केंद्र का शुभारंभ


बीजापुर, 03 दिसंबर 2025/sns/- जिला पंचायत संसाधन केंद्र जैतालूर मार्ग में जेंडर समानता केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे की उपस्थिति में जनपद पंचायत बीजापुर के अध्यक्ष श्री सोनू पोटाम ने रिबन काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
केंद्र का उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाना है। यहां लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने, जागरूकता अभियानों के संचालन, प्रशिक्षण व्यवस्था और विभिन्न विषयों पर शोध गतिविधियाँ संचालित की जाएँगी।
उद्घाटन के अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री सोनू पोटाम ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह केंद्र उनके लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
जिला सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे ने कहा कि जेंडर समानता केंद्र समाज में नई सोच, नई दिशा और नई चेतना का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित एनआरएलएम अधिकारियों, जीआरसी कैडर और स्व सहायता समूह की महिलाओं को अधिकाधिक महिलाओं तक अधिनियम और अधिकारों की जानकारी पहुँचाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की स्थापना से समाज में सकारात्मक और संवेदनशील परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
इस अवसर पर जनपद बीजापुर के उपाध्यक्ष श्री दिनेश पुजारी, जनपद सदस्य श्रीमती धनेश्वरी बाकड़े, सरपंच श्रीमती अनीता कक्केम, जनपद बीजापुर सीईओ श्री पीआर साहू, महिला संरक्षण अधिकारी शीला भारद्वाज, पुलिस विभाग से एएसआई पूनम शर्मा, डीपीएम एनआरएलएम सुश्री कल्पना दीप सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *