छत्तीसगढ़

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर समर्थ दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में विविध कार्यक्रम आयोजित


बीजापुर, 03 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के उपलक्ष्य में एजुकेशन सिटी स्थित समर्थ दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दिव्यांगजन ने उत्साहपूर्वक विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी, समाज कल्याण विभाग श्री नारायण प्रसाद गवेल ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 1992 में समानता, समान अवसर, स्वावलंबन एवं सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस घोषित किया गया था। इसी क्रम में बीजापुर जिले में भी दिव्यांगजन को प्रोत्साहित करने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विविध प्रतियोगिताएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम- समर्थ केंद्र में आयोजित प्रतियोगिताओं में गोला फेंक, नींबू, चम्मच दौड़, 50 मीटर दौड़, तेज चाल, चित्रकला, समूह नृत्य जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही पात्र दिव्यांगजन को सहायक उपकरण जैसे ट्राइसिकल, बैसाखी, वाकिंग स्टिक, वाकर एवं अन्य सहायक सामग्री वितरित की गई।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और प्रेरणा- इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री शंकरैया माड़वी, जनपद अध्यक्ष श्री सोनू पोटाम, जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश पुजारी, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, विभिन्न जनपद सदस्यों, सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराई।
सभी अतिथियों ने दिव्यांगजन को समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानपूर्वक एवं समानता के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *