मुंगेली, 18 फरवरी 2026/sns/- स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक स्वच्छता परिसर आमजनों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। इसी कड़ी में जिले के विकासखंड लोरमी अंतर्गत ग्राम झझपुरी कला के निवासी श्री शिवकुमार साहू सीमित संसाधनों के बावजूद आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बने हैं। ग्राम झझपुरी कला में श्री साहू ने सामुदायिक शौचालय परिसर में निर्मित कक्ष में आटो पार्ट्स की दुकान प्रारंभ की। आज यह दुकान उनके लिए स्थायी आय का प्रमुख स्रोत बन चुकी है। दुकान से उन्हें प्रतिमाह लगभग 06 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण बेहतर ढंग से कर पा रहे हैं।
श्री साहू पहले जहां आर्थिक अस्थिरता के कारण भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी, वहीं अब नियमित आय ने उनके जीवन में आत्मविश्वास और स्थिरता ला दी है। उन्होंने बताया कि पहले आजीविका के स्थायी साधन नहीं होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, जिससे जीवनयापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब आत्मनिर्भरता का साधन मिल गया है। श्री साहू अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं। साथ ही सामुदायिक स्वच्छता परिसर की नियमित साफ-सफाई और उपयोग के प्रति भी जागरूक हैं। उन्होंने योजना के लिए शासन-प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

