छत्तीसगढ़

पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी बीजापुर में लाइव कार्यक्रम किसानों में उत्साह

बीजापुर, 19 नवंबर 2025/sns/ – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि  (PM-Kisan)  योजना की 21वीं किस्त का हस्तांतरण आज  19 नवंबर 2025 को कृषि विज्ञान केन्द्र, बीजापुर में लाइव प्रसारण के माध्यम से आयोजित किया गया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के किसानों के खातों में 18 हजार करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की।

इस अवसर पर दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती समिट 2025 का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण बीजापुर के किसानों को दिखाया गया। प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक खेती को भविष्य की टिकाऊ कृषि का आधार बताते हुए किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

बीजापुर जिले में 16,663 किसानों को इस किस्त के माध्यम से लगभग 3.33 करोड़ रुपये की राशि उनके बैंक खातों में जमा हुई है।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों को विभिन्न योजनाओं और कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी उप संचालक कृषि श्री पीएस कुसरे, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री आरसी राव, वरिष्ठ वैज्ञानिक व प्रमुख श्री अरुण सकनी, कार्यक्रम सहायक कीट विज्ञान, श्री अरविंद आयम तथा डा. दिनेश मरापी, प्रक्षेत्र प्रबंधक द्वारा दी गई। इन विशेषज्ञों ने पोषक तत्व प्रबंधन, रबी फसल सुरक्षा, प्राकृतिक खेती के तरीकों जैसे जीवनामृत, पंचगव्य, बीजामृत, घनजीवामृत एवं नीमास्त्रकृकी निर्माण विधि पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। किसानों ने योजना से हो रहे लाभों पर संतोष व्यक्त किया और इसे उनके लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *