छत्तीसगढ़

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस आई आर) की प्रक्रिया जारी

सुकमा, 19 नवंबर 2025/sns/- जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण तथा जानकारी संकलन कर रहे हैं। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर 2025 तक चलने वाली है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पूर्ण बनाना है। जिन मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हैं, उन्हें 2003 की मतदाता सूची में मतदाता अथवा उनके माता या पिता, या दादा या दादी के जानकारी यदि उपलब्ध हो तो, गणना प्रपत्र में भरकर उपलब्ध कराने की अपील की गई है। वहीं, ऐसे नागरिक जो पंजीकृत होने से छूटे हुए हैं, एवं भावी मतदाता, साथ ही, पते में बदलाव या किसी अन्य संशोधन करना चाहते हैं वे, फॉर्म 6 और फॉर्म 8 के साथ संलग्नक – 1 भरकर, बीएलओ के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पुनरीक्षण प्रक्रिया के लिए निम्न तिथियां निर्धारित की गई हैं गणना प्रपत्र भरने की अवधि 04 नवम्बर 2025 से 04 दिसम्बर 2025 तक चलेगी, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 09 दिसम्बर 2025 को होगा। दावा-आपत्ति फॉर्म 6, 7 या 8 के माध्यम से दर्ज कराने की अवधि 09 दिसम्बर 2025 से 08 जनवरी 2026 तक रहेगी। नोटिस चरण (सुनवाई एवं सत्यापन) – 09 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। सुनवाई एवं सत्यापन के दौरान ऐसे मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा जिनका गणना प्रपत्र में 2003 की मतदाता सूची में मतदाता अथवा उनके माता या पिता, या दादा या दादी के जानकारी प्राप्त नहीं हुई है, या जिनके जानकारी अपूर्ण या गलत हैं। इन सभी मतदाताओं को सुनवाई के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज़ प्रस्तुत करना होगा।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
ऑफलाइन माध्यम की सुविधा
जिले के सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र में अपनी जानकारी भरकर ऑफलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। गणना प्रपत्र भरने में आ रही दिक्कतों के लिए बीएलओ द्वारा आवश्यक सहायता एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सभी विकासखंडों में मतदाता पुनरीक्षण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ध्रुव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सत्यापित करें, यदि त्रुटि हो तो सुधार हेतु फॉर्म 8 भरें। मतदाता सूची का अद्यतन होना आगामी निर्वाचन की पारदर्शिता और सुगमता को सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *