मुंगेली, 19 नवंबर 2025/sns/- उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव 19 नवंबर को जिले के दौरे पर रहेंगे। वे नगर पालिका मुंगेली को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव आगर खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से नगर पालिका अंतर्गत 12 लाख 39 हजार रूपए की लागत से निर्मित परशुराम चौक के सौंदर्यीकरण एवं मूर्ति स्थापना सहित 06 करोड़ 29 लाख रूपए से अधिक के 80 विकास कार्यों का लोकार्पण और 05 करोड़ 47 लाख रूपए से अधिक के 21 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
कलेक्टर ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आगर खेल परिसर में आयोजित होने वाले लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री होरीलाल ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रोहित शुक्ला और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

