मुंगेली, 19 नवंबर 2025/sns/- जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आज नशामुक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग, लक्ष्य निर्धारण और अनुशासन की महत्ता पर मार्गदर्शन दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में समय और अवसर बार-बार नहीं मिलते। अभी का समय अध्ययन और व्यक्तित्व निर्माण का है, जिसे किसी भी स्थिति में व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग और नशे से पूर्णतः दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने छात्रों और उपस्थित लोगों को नशे से दूरी बनाए रखने तथा समाज में अन्य लोगों को भी नशामुक्ति हेतु प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है और उन्हें स्वस्थ व नशामुक्त रहकर देश निर्माण में भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री नदीम काज़ी, प्राचार्य डॉ. आई.पी. यादव और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे। इस दौरान जिले भर में नशामुक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें लगभग 30 हजार से अधिक नागरिकों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे से दूर रहने और किसी भी प्रकार के नशे को नहीं अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सभी से सहयोग की अपील की गई।

