बीजापुर, 19 नवंबर 2025/sns/-साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी धान उपार्जन केन्द्रों में टोकन जारी करने की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता धान खरीदी है। अतः इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में आवश्यक सेवा एस्मा प्रभावशील है, इसलिए अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान लागू किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी चेकपोस्टों में नियुक्त कर्मचारियों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें फील्ड में सक्रिय रूप से दिखाई दें। उन्होंने जिले के सभी पात्र हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र समय-सीमा में वितरित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि पात्र व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में वनाधिकार पत्र से वंचित न रहें और आवेदन के समय काबिज भूमि प्रविष्टि की पुष्टि अवश्य की जाए।
बैठक में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन पर कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों की सराहना की। साथ ही एसआईआर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण करने तथा बीएलओ सहित संलग्न अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में डीएफओ श्री रंगानाथन रामाकृष्णन वाय ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के बैंक खातों की स्थिति की जानकारी दी तथा आगामी तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने नियद नेल्लानार क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण तथा सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों को आवश्यक दस्तावेज समय पर और सुगमता से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, डीएफओ श्री रंगानाथन रामाकृष्णन वाय, अपर कलेक्टर श्री भूपेंद्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं जनपद पंचायत के सीईओ उपस्थित रहे।


