छत्तीसगढ़

समितियों में उच्च गुणवत्ता वाले रबी फसलों के बीज उपलब्ध

बलौदाबाजार, 14 नवम्बर 2025/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा रबी फसलों हेतु किसानों के लिए रबी मौसम वर्ष 2025-26 हेतु उच्च गुणवत्ता वाले आधार एवं प्रमाणित बीज समय पर उपलब्ध कराने की व्यापक व्यवस्था की गई है। कृषकों को गेहूँ, चना, मसूर, तिवड़ा, सरसों, अलसी एवं अन्य प्रमुख रबी फसलों के आधार एवं प्रमाणित बीजों का वितरण सहकारी समितियों, कृषि विभाग के कार्यालयों, बीज प्रक्रिया केन्द्र, छेरकापुर (पलारी) एवं कृषक उत्पादक संगठनों एफपीओएस के माध्यम से किया जा रहा है। किसान उक्त स्थानों से रबी बीज का जल्द उठाव कर सकते हैं।

जिले की कुल बीज मांग 4872.85 क्विंटल के विरूद्ध अब तक कुल 1692.18 क्विंटल बीजों का भण्डारण किया जा चुका है, जिसके विरूद्ध कुल 442.16 क्विंटल बीजों का कृषकों को वितरण किया गया है। किसानों को आधार एवं प्रमाणित बीज वितरण कराने का उद्देश्य है कि किसान अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। साथ ही किसान अपने क्षेत्र की मिट्टी और जलवायु के अनुसार उपयुक्त फसल किस्मों का चयन करें तथा कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा जारी तकनीकी सलाह ले सकते है। साथ ही कृषि विभाग द्वारा किसान को बुवाई से पूर्व बीजोपचार अवश्य करें, जिससे फसल रोगों से सुरक्षित रहे एवं उत्पादन में वृद्धि हो सके।

उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक ने बताया कि बीज़ उठाव में किसी प्रकार की असुविधा होने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों के माध्यम से रबी फसलों हेतु भी शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *