छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सुकमा में धूमधाम से मनाया गया रजत राज्योत्सव

सुकमा, 03 नवंबर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर सुकमा जिला मुख्यालय में रजत राज्योत्सव हर्षाेल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव सह रजत महोत्सव 2025 का शुभारंभ रविवार 2 नवंबर को जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और विधिवत पूजा अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूँज उठा मैदान
राज्योत्सव के शुभारंभ के पूर्व स्थानीय लोक कलाकारों एवं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से ओतप्रोत आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियाँ बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जहाँ केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, हितग्राही आधारित कार्यक्रमों और उपलब्धियों की आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई थी। स्टॉलों में शासन की योजनाओं की जानकारी, ब्रोशर और प्रचार सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जा रहा था। इसके साथ ही कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, पशुधन, पंचायत, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभागों ने भी अपने-अपने स्टॉल लगाकर जिले की उपलब्धियाँ प्रदर्शित कीं।
अपने संबोधन में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने कहा कि यह दिन हम सबके लिए गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1 नवम्बर 2000 को बने हमारे प्यारे छत्तीसगढ़ राज्य ने इन 25 वर्षों में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, सड़क, सिंचाई, संस्कृति और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा यह प्रगति केवल सरकार की योजनाओं का परिणाम नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के किसानों, श्रमिकों, युवाओं और महिलाओं की मेहनत का प्रतिफल है। आज गांव से लेकर शहर तक विकास की गूंज सुनाई दे रही है। सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई परियोजनाओं और शिक्षा संस्थानों के माध्यम से जनसामान्य तक सुविधाएं पहुँचाई जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना, महतारी वंदन योजना जैसी अभिनव योजनाएं चला रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की हैं। सुकमा जिला भी इस प्रगति यात्रा का हिस्सा बनकर तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। लाइब्रेरी और बेसिक स्कूल मैदान के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य भी प्राथमिकता से किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को खेल और शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित जनपद अध्यक्ष कोंटा श्रीमती कुसुमलता कोवासी, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, जनप्रतिनिधि श्री विश्वराज चौहान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के प्रतिनिधि के रूप में अपर कलेक्टर श्री गजेन्द्र ठाकुर ने छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्षीय विकास यात्रा का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्योत्सव के अवसर पर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक, सामूहिक शादी कार्यक्रम, महिला समूहों को ऋण वितरण, किसानों को मसूर बीज मिनी किट वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
राज्योत्सव का पहला दिन छत्तीसगढ़ी संस्कृति और विकास के संगम का प्रतीक बना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर राज्य के गौरव, परंपरा और विकास की इस 25 वर्षीय यात्रा का उत्सव मनाया। आगामी दो दिनों तक चलने वाले इस राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विभागीय प्रदर्शनी, हितग्राही वितरण कार्यक्रम एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी जारी रहेगी। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया की भावना के साथ बेमेतरा ने राज्य की 25वीं वर्षगांठ को आत्मगौरव और उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम में एसपी श्री किरण चव्हाण, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले, नगरपालिका परिषद सुकमा के उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव, जनपद सदस्य श्री आयताराम मंडावी, पार्षदगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *