सुकमा, 03 नवंबर 2025/sns/- सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने सोमवार को जनपद पंचायत छिंदगढ़ का दौरा कर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकासोन्मुखी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से स्व-सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम तथा स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
श्री ठाकुर ने कहा कि स्व सहायता समूह की दीदियों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजीविका संवर्धन के माध्यम से दीदियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना हमारा प्रमुख लक्ष्य है।
शत प्रतिशत ‘लखपति दीदी’ ग्राम बनाने पर जोर
सीईओ श्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों को लखपति दीदी ग्राम के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, संयुक्त समन्वय, और निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार क्रियान्वयन सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में स्व-सहायता समूहों की सशक्त भागीदारी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार संभव है।
मेहनत का परिणाम दिखे धरातल पर
बैठक में सीईओ श्री ठाकुर ने कहा कि आवास, एनआरएलएम और एसबीएम योजनाओं के लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सकें। उन्होंने अधिकारियों कहा कि सभी की मेहनत का परिणाम धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सीईओ ने कहा कि दीदियों की आर्थिक प्रगति, वित्तीय समावेशन और आत्मनिर्भरता के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वयपूर्वक कार्य करें।

