छत्तीसगढ़

बाढ़ से निपटने जिला प्रशासन तैयार, कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय अपर कलेक्टर श्री गजेंद्र ठाकुर होंगे नोडल अधिकारी

सुकमा, 28 अगस्त 2025/sns/- मानसून में संभावित अतिवृष्टि एवं बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर जिला मुख्यालय सहित तहसील स्तर पर भारी बारिश से बचाव एवं राहत कार्य के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा और आपदा के समय तत्काल राहत एवं पुनर्वास कार्य सुनिश्चित करेगा।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम

बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 07864-284012 तथा मोबाइल नंबर 9406378849 जारी किया गया है। नागरिक किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर सकेंगे।

नोडल अधिकारियों की बढ़ी जिम्मेदारी

बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की निगरानी हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपर कलेक्टर श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं विभिन्न अनुविभागों एवं तहसीलों के लिए श्री विजय प्रताप खेस, डॉ. सूरज कश्यप, श्री सुभाष शुक्ला, श्री इरसाद अहमद, श्री अम्बर गुप्ता, श्री अनिल कुमार ध्रुव, श्री योपेन्द्र पात्रे, श्री आनंद गुर्दे और श्री गिरीश निम्बालकर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करेंगे।

आपदा चेतावनी ऐप से अलर्ट

भारत सरकार द्वारा विकसित सचेत, दामिनी और मेघदूत मोबाइल ऐप्स के माध्यम से नागरिकों को समय रहते मौसम की सटीक जानकारी और आपदा पूर्व चेतावनी मिलेगी। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पटवारियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से इन ऐप्स को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करने की अपील की है।

1070 टोल फ्री नंबर

आपदा की स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराने हेतु राज्य सरकार ने 1070 टोल फ्री नंबर जारी किया है, जिस पर 24×7 किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।

जिला प्रशासन की अपील है कि नागरिक अफवाहों से दूर रहें, सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम अथवा 1070 नंबर पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *