छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला पंचायत सीईओ ने ली समीक्षा बैठक


अम्बिकापुर, 03 सितम्बर 2025/sns/- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सातों विकासखंडों के सीईओ, पीओ, तकनीकी सहायक एवं ब्लॉक कॉर्डिनेटर शामिल उपस्थित रहे।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने पीएम जनमन योजना अंतर्गत 30 सितम्बर 2025 तक 507 आवास, पीएम आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 20 अक्टूबर तक 7,885 आवास, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत 30 सितम्बर 2025 तक 423 आवास पूर्ण करने का लक्ष्य दिया है।

जिला सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि सभी सचिवों को ग्राम पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन पंचायतों में प्रगति धीमी है, वहां के सचिवों को कड़ी नाराज़गी ज़ाहिर की और चेतावनी दी गई कि यदि सुधार नहीं हुआ तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

तकनीकी सहायकों और ब्लॉक कॉर्डिनेटर्स को नियमित मैदानी निरीक्षण करने और निर्माण कार्य की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया।

सीईओ ने स्पष्ट कहा कि योजना की वास्तविक सफलता तभी होगी जब पात्र ग्रामीण समय पर अपने पक्के घरों में रहने लगें। इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की गई है और प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *