बीजापुर, 04 जुलाई 2025/sns/ – एक दिवसीय बीजापुर प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विजय शर्मा ने मांझीगुड़ा स्थित शासकीय गारमेंट फैक्ट्री का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने बताया कि नीति आयोग एवं डीएमएफ के सहयोग से स्थापित गारमेंट फैक्ट्री में 200 महिलाएं कार्यरत हैं। जहां महिलाओं को रोजगार मिल रहा है, स्थानीय महिलाएं एवं नक्सल पीड़ित, महिलाएं कार्यरत है।
वर्तमान में उक्त फैक्ट्री में जैकेट बनाया जा रहा है, जिसे नीकंठ गारमेंट फैक्ट्री के द्वारा निर्यात किया जा रहा है। वर्तमान में साढ़े पांच से साढ़े सात हजार मानदेय दिया जा रहा है। प्रथम तीन माह प्रशिक्षण के दौरान साढ़े पांच हजार एवं प्रशिक्षण उपरांत साढ़े सात हजार मानेदय प्राप्त होता है। महिलाओं को निःशुल्क बस सुविधा भी प्रदाय किया जाता है। जिसमें स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं आजिविकामूलक गतिविधि से जोड़ा गया है।
उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान महिलाओं से आवश्यक चर्चा करते हुए उनके अनुभवों को सुना और कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिला शसक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं ने गारमेंट फैक्ट्री से मानदेय मिलने के साथ महतारी वंदन योजना से भी प्रतिमाह एक हजार रूपए मिलने की बात कही। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने की इस पहल के लिए जिला प्रशासन की सराहना की और अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान पंचायत विभाग के सचिव श्री भीम सिंह, बस्तर आईजी श्री पी सुन्दरराज, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डाॅ. जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री हेमंत रमेश नंदनवार उपस्थित थे।