मोहला, 12 फरवरी 2026/sns/- जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह की उपस्थिति में कानून व्यवस्था एवं एनकॉर्ड की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे सहित समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिले में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने नशे के खिलाफ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए एसडीएम की अगुवाई में मेडिकल स्टोरों पर की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिलेभर में नियमित निरीक्षण कर दोषी मेडिकल स्टोरों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप देने पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं सचिवों की सक्रिय भागीदारी से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाने तथा शैक्षणिक परिसरों एवं उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों एवं छात्रावासों में आकस्मिक निरीक्षण कर नशा सेवन की किसी भी गतिविधि पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मिलावटी शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाने, महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रहे अवैध शराब विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण तथा जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि इन केंद्रों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनाई जा सके।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक विवादों को गंभीरता से लेते हुए उनका समय रहते निराकरण किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। वर्तमान में आयोजित हो रहे मेलों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी सभा या रैली के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। आगामी 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने छात्रों के अध्ययन में व्यवधान न हो, इसके लिए रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा जिले में कानून व्यवस्था, सामाजिक शांति एवं नशा मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की।

