छत्तीसगढ़

मोहला मिनी स्टेडियम में गूंजी शहनाई

मोहला, 12 फरवरी 2026/sns/- जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले के 137 जोड़ों ने एक ही मंडप के नीचे वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नव-दांपत्य जीवन की शुरुआत की। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस गरिमामय आयोजन ने उस समय और भी विशेष महत्व प्राप्त किया, जब प्रदेशभर में एक साथ कुल 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
समारोह का शुभारंभ भव्य बारात के साथ हुआ। विवाह मंडप में हरिद्रालेपन, जयमाला, सप्तपदी सहित सभी वैदिक रस्में विधि.विधान से संपन्न कराई गईं। हवन की सुगंधित आहुति और मंत्रोच्चार से पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। नवदंपत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन का संकल्प लिया, जिससे समारोह स्थल भावुक और उत्साहपूर्ण माहौल से भर उठा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में इस योजना की शुरुआत की गई थी, जिसमें प्रारंभिक सहायता राशि 5 हजार रुपये थी, जो समय के साथ बढ़कर वर्तमान में 50 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है। यह योजना बेटियों के सम्मानजनक विवाह और परिवारों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।  मोहला-मानपुर विधायक श्री इंद्र शाह मंडावी कार्यक्रम में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान कर सुखमय और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष मोहला श्रीमती गैंद कुवर ठाकुर, जनपद अध्यक्ष मानपुर श्रीमती पुष्पा मण्डावी, जनपद अध्यक्ष अं.चौकी श्री पुनऊ राम फुल कावरे, उपाध्यक्ष श्री शंकर तिवारी, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंण्डारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति त्रिपुरे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेखा कोठारी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सविता तिलक सोरी, जिला पंचायत सदस्य श्री नेहरू रजक, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री अनिल गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *