छत्तीसगढ़ राज्य में खनिज विभाग में किए जा रहे नवाचार और उपलब्धियों पर हुई चर्चा
ओडिशा के कोणार्क में राष्ट्रीय माईनिंग मिनिस्टर्स कान्फ्रेंस आयोजित
रायपुर 21 जनवरी 2025/sns /ओडिशा के कोणार्क में आयोजित राष्ट्रीय माईनिंग मिनिस्टर्स कान्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। उन्होने इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में खनिज संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचार और उपलब्धियों को साझा किया। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय खान मंत्रालय द्वारा 20 एवं 21 जनवरी को इस काफ्रेंस का आयोजन किया गया। इस काफ्रेंस में केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी, ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण मांझी और देश के 11 राज्यों के खनिज मंत्री शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधन विभाग में हो रहे नवाचारी कार्यों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संसाधन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। टिन का उत्पादन करने वाला छत्तीसगढ़ एकमात्र राज्य है। देश को सामरिक और स्ट्रेटजिक खनिजों में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश में खनिज विभाग अब तक 6 खनिज ब्लॉक्स का आबंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिज ब्लाकों की ई-नीलामी छत्तीसगढ़ में सफलतापूर्वक की जा रही है। इज ऑफ डुईग बिजनेस के लिए खनन क्रियाकलापों में पारदर्शिता लाने के लिए वेब आधारित खनिज ऑनलाईन व्यवस्था शुरू की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री जयसवाल ने कहा छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां लिथियम ब्लॉक की नीलामी ई-नीलामी के माध्यम से की गई है। इसी प्रकार खनिज परिवहन में पारदर्शिता लाने के लिए ऑन लाईन ई-ट्रांजिट पास की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ई-नीलामी के माध्यम से क्रिटिकल स्ट्रेटजिक एवं डीपसीटेड मिनरल्स जैसे ग्रफाईट, ग्लूकोनाईट, निकल, क्रोमियम पीजीई एवं गोल्ड के खनिज ब्लाकों का आबंटन किया गया है। छत्तीसगढ़ को गैर कोयला खनिज ब्लाकों की नीलामी के लिए भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय बेस्ट परफॉमेंस आवार्ड भी दिया गया है।
इस अवसर पर खनिज साधन विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद द्वारा केन्द्रीय कोयला एवं खनन मंत्री को 3 क्रिटिकल तथा स्ट्रेटेजिक खनिज ब्लॉक (टिन) का जियॉलॉजिकल प्रतिवेदन नीलामी हेतु सौपा गया। यहां यह उल्लेखनीय है कि क्रिटिकल तथा स्ट्रेटेजिक खनिज की नीलामी केन्द्र सरकार के अधीन होने के कारण इसका आबंटन भारत सरकार द्वारा किया जाता है। कांफ्रेंस में संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म के संचालक श्री सुनील कुमार जैन द्वारा विभागीय उपलब्धियों एवं बेस्ट प्रैक्टिस पर प्रेजन्टेशन दिया गया।
