छत्तीसगढ़

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने किया स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण

सुकमा, 08 अगस्त 2025/sns/- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सुकमा द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोरनापाल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतागुफा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंटलनार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगरगुंडा, उप स्वास्थ्य केंद्र सिलगेर एवं उप स्वास्थ्य केंद्र कोण्डासावली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आधार बेस उपस्थिति, नेक्स-जेन एवं आभा आईडी आधारित पंजीयन, प्रसूता महिलाओं की सुविधाएं तथा स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत स्थिति की समीक्षा की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोरनापाल
यहां 10 कर्मचारियों का आधार बेस अटेंडेंस दर्ज नहीं हो पा रहा था, जिनमें 04 मातृत्व अवकाश, 01 अर्जित अवकाश पर और 05 कर्मचारियों के मोबाइल में तकनीकी समस्या पाई गई। 02 प्रसूता महिलाएं भर्ती थीं जिनके पास आयुष्मान कार्ड, एमसीपी कार्ड एवं राशन कार्ड नहीं था। आयुष्मान कार्ड मंगवाकर ब्लॉकिंग करने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतागुफा
निरीक्षण में 02 प्रसूता महिलाएं भर्ती थीं, जिनमें से एक ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। दोनों महिलाओं के पास आयुष्मान एवं राशन कार्ड नहीं था, जिस पर कार्ड मंगवाकर ब्लॉकिंग करने निर्देश दिए गए। सभी कर्मचारियों को प्रतिदिन आधार बेस उपस्थिति एवं नेक्स-जेन, आभा आईडी से ओपीडी पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंटलनार
कर्मचारियों को प्रतिदिन आधार बेस उपस्थिति दर्ज करने और नेक्स-जेन, आभा आईडी से पंजीकरण करने निर्देशित किया गया। यहां शासकीय आवास की सुविधा न होने से सभी कर्मचारी 1 किमी दूर बस्ती में रहते हैं, जिससे रात में मरीजों और स्टाफ को असुविधा होती है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जगरगुंडा
स्वयं का भवन नहीं होने के कारण केंद्र का संचालन 5-बेड प्रीबर्थ वेटिंग हॉल में किया जा रहा है। आवास की कमी से एक आवास में 3-3 कर्मचारी रहते हैं। नेटवर्क सुविधा के अभाव में आधार बेस उपस्थिति एवं ऑनलाइन पंजीकरण संभव नहीं हो पा रहा है। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कैंप आयोजित करने निर्देश दिए गए।
उप स्वास्थ्य केंद्र सिलगेर
कर्मचारी उपस्थित पाए गए। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता केंद्र में निवासरत हैं, जबकि पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता को भी वहीं निवास करने निर्देशित किया गया। यहां आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य जारी है। भवन एवं आवास निर्माण की आवश्यकता बताई गई।
उप स्वास्थ्य केंद्र कोण्डासावली
सीएचओ उपस्थित पाई गईं। यहां प्रतिदिन 25-30 ओपीडी और प्रतिमाह 3-5 संस्थागत प्रसव हो रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आवश्यक सुधार, बुनियादी ढांचे के विकास और मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *