छत्तीसगढ़

भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक लोग करें पौधारोपण – कलेक्टर श्री देव

जवाहर नवोदय विद्यालय में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित

मुंगेली, सितम्बर 2022// मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप जिले को और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में फलदार एवं छायादार तथा औषधीय पौधों का रोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जिले के विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम दाबो स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रांगण में वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां कलेक्टर श्री राहुल देव एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजाति का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। कलेक्टर श्री देव ने वन महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक एवं मानवीय कारणों से जलवायु परिवर्तन हो रहा है। जिसके कारण पर्यावरण में दुष्प्रभाव पड़ रहा है। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरल एवं सार्थक उपाय पौधारोपण है। उन्होंने भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक लोगों को अपने घर, बाड़ी और खेत तथा आसपास के उपयुक्त क्षेत्र में पौधारोपण करने एवं वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की समझाईश दी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर ने वन महोत्सव कार्यक्रम के लिए अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में आक्सीजन की कमी महसूस की गई थी। इसे दृष्टिगत रखते हुए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोपित किये गये पौधे बडे़ होकर पेड़ बनेगे और हमें शुद्ध वायु आक्सीजन प्रदान करेंगे। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी ने कहा कि प्रकृति के परिवर्तन से हम सब प्रभावित हुए हैं। प्रकृति की रक्षा एवं सुरक्षा करना हम सबका दायित्व है। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य श्री वशी उल्लाह खान ने भी संबोधित किया। प्रभारी वनमंडलाधिकारी श्री सौरव सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की उत्कृष्ट चित्रकला व पेंटिंग बनाने वाले छात्र, छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इसके पूर्व कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बनाए गए चित्रकला व पेंटिंग का अवलोकन किया गया और चित्रकला व पेंटिंग की सराहना की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल के सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी मानिक सोनवानी, अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य श्री देवेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र, छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी वन श्री एम. आर साहू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *