छत्तीसगढ़

पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ

रायगढ़, 23 मार्च 2026/sns/- जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई संस्थानों के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों तथा छात्रवृत्ति प्रभारियों को सूचित किया जाता है कि उनके संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के वे विद्यार्थी, जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए पात्र हैं, वे शिक्षा सत्र 2025-26 हेतु ऑनलाइन आवेदन वेबसाईट  https://postmatric-scholarship.cg.nic.in     कर सकते हैं। विभाग द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अंतर्गत कक्षा 12वीं से उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पंजीयन, आवेदन, सत्यापन, स्वीकृति एवं छात्रवृत्ति वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर संचालित की जा रही है। सभी संबंधित संस्था प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति प्रभारियों को निर्देशित किया जाता है कि वे पात्र विद्यार्थियों का समय पर पंजीयन एवं आवेदन सुनिश्चित कराएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति से वंचित न होना पड़े।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन/पंजीयन हेतु नवीन एवं नवीनीकरण के लिए 23 से 27 मार्च 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी तरह संस्थाओं द्वारा प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 27 से 29 मार्च तक, शासकीय संस्था/जिला कार्यालय द्वारा स्वीकृति लॉक करने की अंतिम तिथि 29 एवं 30 मार्च तक तथा जिला कार्यालय द्वारा भुगतान हेतु राज्य कार्यालय को प्रेषित करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 तक निर्धारित है। उक्त तिथि के पश्चात शिक्षा सत्र 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति ऑनलाईन आवेदन हेतु पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं से विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है तो इसके लिए संस्था प्रमुख जिम्मेदार होंगे। इस संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय कलेक्टर आदिवासी विकास शाखा रायगढ़ में संपर्क कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *