सुकमा, 16 मार्च 2026/sns/-छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ आज वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों द्वारा किया गया। जिला पंचायत सुकमा में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की जा रही इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना है। योजना के अंतर्गत सुकमा जिले में गोंगला को गौधाम के लिए चिन्हांकित किया गया है, जहां मवेशियों के संरक्षण एवं देखभाल की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार, जिला गौधाम समिति के अध्यक्ष श्री गुप्तेश्वर गंगबेर, पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. संदीप इंदुरकर सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में गौपालक उपस्थित रहे। नगर पालिका सुकमा की उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों को प्रतीकात्मक रूप से गौ-उत्पादित सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।


