छत्तीसगढ़

वीबी जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन

अम्बिकापुर, 16 मार्च 2026/sns/-  केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर के युवाओं को ग्रामीण विकास एवं आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी डिजिटल अभियान “वीबीदृजी रामजी यूथ डिजिटल कैंपेन” की शुरुआत की गई है। यह अभियान माई भारत पोर्टल (MY Bharat Portal) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत कर सकेंगे।

अभियान के अंतर्गत “माई विलेज चैलेंज (My Village Challenge)” नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो/रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड की अवधि का वीडियो तैयार कर माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। अपलोड किए जाने वाले वीडियो की अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपने गांव के विकास, रोजगार सृजन तथा आजीविका संवर्धन में अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।

इसी प्रकार MY Bharat Portal पर विकसित भारत-जी रामजी अधिनियम से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त MyGov पोर्टल पर विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट के लिए “विकसित भारत-जी रामजी एक्ट, 2025” का लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा लोगो चुनना है जो अधिनियम के तहत समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी रूप से दर्शा सके। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा तथा भविष्य में प्रचार-प्रसार और अन्य गतिविधियों में उपयोग किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से 50,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। चयनित लोगो के सभी बौद्धिक संपदा अधिकार भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के पास रहेंगे।

लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक युवा MY Bharat Portal एवं MyGov  पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *