मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की विस्तृत बैठक ली। बैठक में स्कूल एवं महाविद्यालय सहित अन्य भवनों के निर्माण में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्कूल एवं महाविद्यालय भवनों का निर्माण समय पर नहीं होना गंभीर लापरवाही है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। उन्होंने निर्माण कार्य समय पर प्रारंभ नहीं करने एवं संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने पर कार्यपालन अभियंता (ईई), एसडीओ मुंगेली एवं सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सब इंजीनियर सूर्य प्रकाश राजपूत का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। गोड़खाम्ही में भवन निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और कहा कि यदि कार्य समय पर पूर्ण होते तो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल पाता।
बैठक में प्रगतिरत सड़क निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रशासकीय स्वीकृति, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा कार्य पूर्णता की स्थिति की जानकारी ली। जिन सड़कों का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उनके कारणों की जानकारी लेते हुए संबंधित ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग चौड़ीकरण, बोधापारा-बोड़तरा मार्ग चौड़ीकरण, सरगांव से साकेत मार्ग मजबूतीकरण, बंधवा पुल से गोड़खाम्ही पहुंच मार्ग, मुंगेली से परसवारा, हरदी से भस्करा पहुंच मार्ग, कंतेली-सूरजपुरा-डिंडौरी-कोयलारी मार्ग, सरईपतेरा-हरदीबांध-उरईकछार तथा पथर्री से डिंडोरी पहुंच मार्ग सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग टूल विकसित किए जाएं तथा नियमित निरीक्षण कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं। इस दौरान वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव सहित संबंधित अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
नगरीय निकायों की समीक्षा: कलेक्टर ने बेहतर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने दिए निर्देश
कलेक्टर ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक लेकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निविदा प्रक्रिया, स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर गुणवत्ता, समयबद्धता, नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोरमी नगर पालिका अंतर्गत अधोसंरचना मद में स्वीकृत, पूर्ण एवं निर्माणाधीन कार्यों, पंडरिया रोड में प्रस्तावित प्रवेश द्वार, अंबेडकर चौक निर्माण, खेल परिसर सहित अधोसंरचना मद में अप्रारंभ एवं प्रगतिरत विभिन्न कार्यों, स्वीकृति एवं निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निविदा प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से जटिल बनाकर कार्य में विलंब किए जाने, निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लोरमी के सीएमओ एवं इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मुंगेली नगरपालिका अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

