छत्तीसगढ़

अपर कलेक्टर ने पंडरभट्ठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

मुंगेली, 27 फरवरी 2026/sns/- जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर एवं हेल्थ ओआईसी श्री जी.एल. यादव ने मुंगेली विकासखंड अंतर्गत पंडरभट्ठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं, दवा वितरण व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर एवं पंजी का गहन अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध हों।
अपर कलेक्टर ने प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड, महिला वार्ड एवं दवा भंडार कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *